संभाग ब्यूरो बिलाल खत्री
बड़वानी महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सशक्त करने के उद्देश्य से स्वर्गीय नरेंद्र बसंतीलाल गुप्ता जी की पुण्य स्मृति में 18 मई 2025 (रविवार) को दशोरा धर्मशाला में एक दिवसीय निःशुल्क कराते एवं सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन समाजसेवी संगीता (सरोज) गुप्ता द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत किया गया।
कार्यशाला का संचालन सेल्फ डिफेंस मार्शल आर्ट्स एकेडमी इंडिया के प्रमुख प्रशिक्षक सेंसई सुमित चौधरी (ब्लैक बेल्ट 4 डेन), सेंधवा द्वारा किया गया, जिसमें महिलाओं एवं किशोरियों को आत्मरक्षा के आवश्यक गुर सिखाए गए। उन्होंने कराते की बुनियादी तकनीकों के साथ-साथ व्यावहारिक परिस्थितियों में सुरक्षा के लिए उपयोगी रणनीतियाँ भी बताईं। सेंसई सुमित चौधरी ने कहा कि “इस प्रकार के प्रशिक्षण से बालिकाएं एवं महिलाएं विषम परिस्थितियों में बिना घबराए अपनी रक्षा कर सकती हैं। आत्मरक्षा केवल एक कला नहीं, बल्कि आज के युग की आवश्यकता है।
कार्यशाला में भाग लेने वाली महिलाओं ने इस पहल की सराहना की और कहा कि उन्हें पहली बार ऐसा प्रशिक्षण मिला, जिससे न केवल उनके अंदर आत्मविश्वास आया बल्कि वे खुद को मानसिक रूप से भी सशक्त महसूस कर रही हैं। कार्यक्रम की आयोजिका संगीता (सरोज) गुप्ता ने सेंसई सुमित चौधरी का आभार प्रकट करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज में महिलाओं को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है। भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे।कार्यक्रम में नगर के अभिभावक और स्थानीय समाजसेवी भी उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को सराहनीय, सफल एवं प्रेरणादायक बताया।